मनोहरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3.50 लाख रुपये की महंगी अवैध शराब के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 12 लाख की कार भी जब्त
मनोहरपुर (जयपुर)।
जयपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय शराब तस्करों के नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। थाना मनोहरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हरियाणा निर्मित विभिन्न महंगे ब्रांड्स की 120 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त विक्टोरिस कार जब्त की गई है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये तथा कार की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
जयपुर ग्रामीण जिला पुलिस अधीक्षक आईपीएस हनुमान प्रसाद ने बताया कि यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शाहपुरा) लाखन सिंह और वृत्ताधिकारी (शाहपुरा) लक्ष्मीनारायण सैनी के पर्यवेक्षण में मनोहरपुर थानाधिकारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा अंजाम दी गई।
खोजावाला के पास नाकाबंदी कर दबोचा
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक विक्टोरिस कार (नंबर RJ-59-CC-5568) में चालक कोटपुतली की तरफ से जयपुर की ओर अवैध हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब भरकर ला रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खोजावाला के पास सख्त नाकाबंदी की।
संदेह के आधार पर कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। चालक द्वारा सही जवाब न दिए जाने पर जब कार की डिग्गी की जांच की गई, तो उसमें गुप्त रूप से रखी विभिन्न महंगे ब्रांड्स की 120 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
हरियाणा से लाकर गुजरात ले जाने की थी योजना
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह शराब हरियाणा से अवैध रूप से परिवहन कर अहमदाबाद (गुजरात) ले जा रहे थे। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान के बाद दोनों आरोपियों को 1 अक्टूबर 2026 को जेल भिजवा दिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार:
विरेन्द्र गुर्जर (34): पुत्र हाकिम सिंह, निवासी तिगरिया (थाना बालघाट, जिला करौली), हाल निवासी प्लाट नं. 14, नृसिंह विहार, झोटवाड़ा (थाना करधनी, जिला जयपुर)।
नरेश कुमार गुर्जर (30): पुत्र प्रेमचंद गुर्जर, निवासी चैनगढ़ (थाना नवलगढ़, जिला झुंझुनूं)।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी आशुतोष कुमार, सहायक उप निरीक्षक (ASI) राजेश कुमार, कॉन्स्टेबल संदीप (1027) और कॉन्स्टेबल राजेंद्र कुमार (2395) शामिल रहे। कार्रवाई में कॉन्स्टेबल राजेंद्र कुमार की विशेष भूमिका रही।

