



कस्बा रेनवाल में हुई नकबजनी का तीसरा शातिर आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल व पिकअप वाहन जब्त
रेनवाल (जयपुर ग्रामीण)।
कस्बा रेनवाल में निर्माणाधीन मकानों से सीमेंट के कट्टे, पानी की मोटर व टंकी चोरी करने के मामले में रेनवाल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी रामस्वरूप यादव उर्फ नान्छ्या को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की सामग्री और वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी बरामद की है।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद (IPS) ने बताया कि देवली कलां निवासी जगदीश प्रसाद जांगिड़ और निरंकारी कॉलोनी रेनवाल निवासी अशोक जांगिड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ितों ने बताया था कि 25-26 सितंबर की रात को उनके निर्माणाधीन मकानों से अज्ञात चोर 30 कट्टे सीमेंट, 2 पानी की मोटर, पाइप तथा 1000 लीटर की पानी की टंकी चुराकर ले गए थे।
पूर्व में 2 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पूर्व में दो आरोपियों मुकेश वर्मा और हरिओम यादव को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नीरज पाठक और वृत्ताधिकारी जोबनेर पन्नालाल जांगिड़ के सुपरविजन तथा थानाधिकारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता व सूचना संकलन के आधार पर आरोपी रामस्वरूप यादव उर्फ नान्छ्या (22 वर्ष) पुत्र सुवा लाल यादव निवासी खोरडया की ढाणी, धाना का बास को हरसोली से दबोच लिया।
चोरी की सामग्री व वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 17 सीमेंट के कट्टे, 1 पानी की टंकी, 2 पानी की मोटर, 1 पानी का पाइप और वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी (नंबर RJ 14 GH 4524) को भी जब्त कर लिया है।
दिन में रेकी, रात में वारदात
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय निर्माणाधीन मकानों की रेकी करते थे। वहां रखे सामान और सुरक्षा की जानकारी हासिल करने के बाद रात के अंधेरे में सीमेंट, मोटर व अन्य निर्माण सामग्री चुराकर फरार हो जाते थे।
पुलिस टीम:
कार्रवाई में थानाधिकारी राजेंद्र कुमार (पुलिस निरीक्षक), विजय सिंह (सउनि), प्रकाश (कॉन्स्टेबल 1974) और सुरेश (कॉन्स्टेबल 2302) की सराहनीय भूमिका रही।
