साइबर अपराधियों को बैंक खाता किराए पर देने वाला आरोपी सांभरलेक से गिरफ्तार, 18.79 लाख के फ्रॉड से जुड़ा मामलासांभरलेक / जयपुर ग्रामीण

साइबर अपराधियों को बैंक खाता किराए पर देने वाला आरोपी सांभरलेक से गिरफ्तार, 18.79 लाख के फ्रॉड से जुड़ा मामला
सांभरलेक / जयपुर ग्रामीण
जयपुर ग्रामीण पुलिस ने साइबर अपराध और धोखाधड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता (म्यूल अकाउंट) उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी विष्णु कुमार काला को त्योद कस्बे से दबोचा है। आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ देश के 11 अलग-अलग राज्यों में कुल 13 साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं, जिनमें कुल 18 लाख 79 हजार रुपये की धोखाधड़ी शामिल है। 
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) हनुमान प्रसाद ने बताया कि जिले में साइबर अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा एवं वृत्ताधिकारी सांभरलेक मुकेश कुमार जोशी के सुपरविजन तथा थानाधिकारी सांभरलेक के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। 
11 राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें, 15 लाख से अधिक की राशि हुई जमा
पुलिस टीम द्वारा साइबर क्राइम पोर्टल के अवलोकन के दौरान पंजाब नेशनल बैंक, सांभरलेक का एक संदिग्ध खाता (संख्या 0417000100226489) सामने आया। जांच में सामने आया कि इस खाते के खिलाफ हरियाणा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, पंजाब और छत्तीसगढ़ में कुल 13 शिकायतें दर्ज हैं। इस बैंक खाते में साइबर फ्रॉड की लगभग 15 लाख 39 हजार रुपये की राशि जमा करवाई गई थी। 
फरार चल रहा था आरोपी
बैंक खाता डिटेल की जांच करने पर यह खाता विष्णु कुमार काला (24) पुत्र लक्ष्मणराम, निवासी बलाइयों का मोहल्ला, त्योद (थाना सांभरलेक) का पाया गया। आरोपी के खिलाफ थाना सांभरलेक पर बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। आरोपी मामला दर्ज होने के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी सहायता और आसूचना संकलन के आधार पर आरोपी की त्योद में मौजूदगी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। 
पुलिस फिलहाल आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। 
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
कार्रवाई में थानाधिकारी सांभरलेक, सहायक उप-निरीक्षक सत्यनारायण, हेड कांस्टेबल बजरंग लाल, कांस्टेबल श्रवण कुमार, गजानन्द, राजेन्द्र, ओमप्रकाश एवं लोकेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक उत्तर दें