जयपुर: सांगानेर पुलिस ने चंद घंटों में किया अपहरण कांड का खुलासा, 5 शातिर गिरफ्तार

जयपुर: सांगानेर पुलिस ने चंद घंटों में किया अपहरण कांड का खुलासा, 5 शातिर गिरफ्तार
पुरानी रंजिश के चलते युवक का किया था अपहरण, रिंग रोड ले जाकर बेरहमी से की मारपीट
अपहृत को सकुशल मुक्त कराया, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, R15 बाइक और डंडे जब्त
जयपुर:
राजधानी के सांगानेर थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के अपहरण और उसके साथ अमानवीय मारपीट करने के मामले का महज कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल मुक्त करा लिया है और वारदात में काम ली गई गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है। 
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) श्रीमती रंजिता शर्मा ने बताया कि परिवादी अल्फेज खान ने 18 अक्टूबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गौशाला बत्ती के पास से कुछ बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया। आरोपी उसे रिंग रोड की तरफ एक सुनसान जगह ले गए, जहां उसके साथ लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट की गई। आरोप है कि बदमाशों ने उसे निर्वस्त्र कर मारपीट का अश्लील वीडियो भी बना लिया और पुलिस के पास जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। 
200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़े गए आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन और सहायक पुलिस आयुक्त दीपक खंडेलवाल के सुपरविजन में सांगानेर थानाधिकारी हरबेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। 
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास और रूट पर लगे करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी शाखा की मदद से पांचों संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि सवाई माधोपुर की पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था। 
गिरफ्तार आरोपी:
मकसूद खान (निवासी- मलारना चौड़, सवाई माधोपुर, हाल सांगानेर सदर, जयपुर) 
लोकेश मीणा उर्फ मैक्स (निवासी- दौसा, हाल प्रताप नगर, जयपुर) 
अमरसिंह मीणा (निवासी- मंडावरी, दौसा) 
करण मीणा (निवासी- कोटखावदा, हाल सांगानेर सदर, जयपुर) 
मनीष प्रजापत उर्फ एमके (निवासी- माधोराजपुरा, हाल सांगानेर सदर, जयपुर) 
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, R15 मोटरसाइकिल और डंडे बरामद कर लिए हैं। साथ ही, उनके मोबाइल फोन से पीड़ित के बनाए गए आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी मिले हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है और मामले में गहनता से पूछताछ जारी है। 

एक उत्तर दें