

लालकोठी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध धारदार कटार के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार
जयपुर (विशेष संवाददाता):
जयपुर पुलिस (पूर्व) की लालकोठी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस धारदार कटार लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार कटार बरामद की है। इसके साथ ही संगठित होकर अपराध करने की मंशा के तहत आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
रात के अंधेरे में वारदात की फिराक में था आरोपी
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) आईपीएस श्रीमती रंजीता शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में संगठित होकर लूट व चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (गांधी नगर) नारायण कुमार बाजिया के सुपरविजन में थानाधिकारी लालकोठी श्याम सुंदर शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने रात के अंधेरे में सुनसान जगह पर अपराध की नीयत से संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध धारदार कटार बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरफराज (27 वर्ष) पुत्र सईद कुरैशी के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से चाचा की चार दुकान, मदीना नगर, रशीद मस्जिद के पास (थाना खोहनागोरियान) का रहने वाला है तथा हाल में हसनपुरा हटवाड़ा (थाना सोडाला), जयपुर में रह रहा था।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में लालकोठी थानाधिकारी श्याम सुंदर शर्मा, एएसआई मुकेश कुमार, कांस्टेबल मुकेश कुमार (10333) और कांस्टेबल जगदीश सिंह (10408) शामिल रहे।