कार रुकवाकर मारपीट व लूट करने वाली गैंग का पर्दाफाश, 6 शातिर गिरफ्तारसुभाष चौक थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 500 सीसीटीवी खंगालकर बदमाशों तक पहुंची पुलिस

कार रुकवाकर मारपीट व लूट करने वाली गैंग का पर्दाफाश, 6 शातिर गिरफ्तार
सुभाष चौक थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 500 सीसीटीवी खंगालकर बदमाशों तक पहुंची पुलिस
वारदात में इस्तेमाल 2 मोटरसाइकिलें बरामद, नशे के शौक पूरा करने के लिए राहगीरों को बनाते थे निशाना
जयपुर। राजधानी जयपुर के सुभाष चौक थाना पुलिस ने देर रात कार रुकवाकर चालक के साथ मारपीट करने और सोने की चेन व चांदी का ब्रेसलेट लूटने के मामले का खुलासा करते हुए गिरोह के 6 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। 
पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 9 अक्टूबर की देर रात करीब 12:40 बजे पीड़ित अक्षत गुप्ता अपनी कार से घर लौट रहे थे। कच्चे बंधा, जेडीए मार्केट, सुभाष चौक के पास करीब 10 युवकों ने उनकी गाड़ी रुकवाई और शीशा नीचे करवाकर मारपीट शुरू कर दी। आरोपी मारपीट कर पीड़ित से सोने की चेन और चांदी का ब्रेसलेट लूटकर फरार हो गए थे। 
500 कैमरों के फुटेज और रूट चार्ट से हुआ खुलासा
वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर प्रथम) आलोक सिंघल के निर्देशन और एसीपी माणकचौक पीयूष कविया के सुपरविजन में थानाधिकारी भरत महर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और बदमाशों के भागने वाले मार्गों पर लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से विश्लेषण किया। कैमरों से मिले हुलिये और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर 6 आरोपियों को दबोच लिया। 
नशे के लिए करते हैं वारदातें
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे नशे का शौक पूरा करने के लिए सुनसान रास्तों पर राहगीरों को रोककर मारपीट करते हैं और कीमती सामान लूटकर भाग जाते हैं। पुलिस अब लूटे गए जेवरात और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहनता से पूछताछ की जा रही है। 
ये आरोपी हुए गिरफ्तार:
अभय उर्फ धूम (20) पुत्र विनोद, निवासी राजामल का तालाब, हरिजन बस्ती, सुभाष चौक 
सौरभ सारसर (24) पुत्र वीरू सारसर, निवासी राजामल का तालाब, हरिजन बस्ती, सुभाष चौक 
करण उर्फ काणा (19) पुत्र बनारसी, निवासी राजामल का तालाब, हरिजन बस्ती, सुभाष चौक 
ध्रुव कुमार (21) पुत्र राजेश कुमार चावरिया, निवासी कमानी रोड, हरिजन बस्ती, झोटवाड़ा 
साहिल चावरिया (20) पुत्र राकेश चावरिया, निवासी सीताबाड़ी, हरिजन बस्ती, झोटवाड़ा 
वरुण (20) पुत्र बनारसी, निवासी राजामल का तालाब, हरिजन बस्ती, सुभाष चौक 
विशेष भूमिका: इस पूरे खुलासे में थानाधिकारी भरत महर के निर्देशन में कांस्टेबल महेंद्र कुमार और महिला कांस्टेबल सुनीता की मुख्य एवं सराहनीय भूमिका रही।

एक उत्तर दें