आर्म्स एक्ट प्रकरण की जांच में सीएसटी के हैड कांस्टेबल की संदिग्ध भूमिका आई सामने, एफआईआर दर्ज कर किया गिरफ्तार
*आरोपियों से संपर्क और हथियारों के लेन-देन के संबंध में जांच में मिले तथ्य*
*प्रकरण में तीन अन्य आरोपियों को भी किया गिरफ्तार, जांच जारी*
जयपुर, 27 अक्टूबर। पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल ने कहा कि कमिश्नरेट में अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने पुलिस उपायुक्त (उत्तर) को तथ्यों को छिपाने, जांच को प्रभावित करने और संदिग्ध व्यक्तियों से अनुचित संबंध रखने वाले सीएसटी के हैड कांस्टेबल पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) श्री करण शर्मा ने बताया कि मंगलवार को शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एक प्रकरण की जांच के दौरान सीएसटी के हैड कांस्टेबल रोहिताश की भूमिका संधिग्ध होने संबंधित तथ्य सामने आए है। जिस पर एफआईआर दर्ज कर हैड कांस्टेबल रोहिताश, अभियुक्त फुरकान, अभिषेक और मनीष को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि आर्म्स एक्ट के इस प्रकरण में धारा 3/25 के तहत कार्रवाई की गई थी जिसकी जांच में सामने आया कि अभियुक्त अभिषेक, मनीष मीणा और मृदुल सोनी की हेड कांस्टेबल रोहिताश से करीब दो वर्ष से जान-पहचान थी। जांच में यह भी जानकारी मिली कि अभिषेक के पास पिछले चार-पांच वर्ष से एक पिस्टल और दो कारतूस थे। उन्होंने बताया कि हेड कांस्टेबल रोहिताश करीब एक माह पहले अभियुक्त अभिषेक से एक पिस्टल तथा करीब आठ-दस दिन पहले अभियुक्त मनीष से दूसरी पिस्टल लेकर अपने पास ले गया था।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) ने बताया कि जांच में यह सामने आया कि करीब सात-आठ दिन पहले अभिषेक, मनीष और हेड कांस्टेबल रोहिताश के बीच कहासुनी हुई थी। इसके चलते रोहिताश द्वारा पुलिस को सूचना देने और उसके आधार पर कार्रवाई करवाने की बात सामने आई है।
*अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी, तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई*
श्री शर्मा ने बताया कि अनुसंधान में अभियुक्त मृदुल सोनी की भूमिका प्रथम दृष्टया स्पष्ट नहीं होने तथा उसे मामले में फंसाए जाने की आशंका के संबंध में भी तथ्य सामने आए हैं। इस संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पिस्टल लेकर आने वाले फरहान की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही, हेड कांस्टेबल रोहिताश के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि घटनाक्रम के क्रम, सूचना दिए जाने के कारणों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका का परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है तथा जांच में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आर्म्स एक्ट प्रकरण की जांच में सीएसटी के हैड कांस्टेबल की संदिग्ध भूमिका आई सामने, एफआईआर दर्ज कर किया गिरफ्तार
0