मालवीय नगर में लूट व जानलेवा हमले का खुलासा: 5-5 हजार के तीन इनामी बदमाश गिरफ्तार

मालवीय नगर में लूट व जानलेवा हमले का खुलासा: 5-5 हजार के तीन इनामी बदमाश गिरफ्तार
जयपुर। मालवीय नगर थाना पुलिस ने लूट के इरादे से युवक पर सरियों व डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में 5-5 हजार रुपये के तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। 
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 30 सितंबर की रात करीब 12 बजे जगतपुरा निवासी सचिन अरोड़ा ऑफिस से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। प्रधान मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया और लूट की नीयत से डंडे व सरियों से हमला कर दिया। मारपीट में सचिन का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया और एक आंख की रोशनी चली गई। बदमाश उनसे मोबाइल और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। मामले को लेकर पीड़ित के भाई राहुल अरोड़ा ने 1 अक्टूबर को मालवीय नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी पारस जैन व एसीपी शिवदयाल के निर्देशन और थानाधिकारी गौरव प्रधान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस उपायुक्त कार्यालय द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से तीन आरोपियों को दबोच लिया। 
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुबारक अली (19) निवासी श्रीरामपुरी कॉलोनी (झोटवाड़ा), नितिन कुमार उर्फ छोटू (21) निवासी श्यामवाटिका (बिदायका) तथा कुलदीप मीणा उर्फ गोलू (23) निवासी हसनपुरा (सदर) के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल हरिओम की विशेष भूमिका रही। पुलिस फिलहाल आरोपियों से उनके अन्य साथियों और शहर में की गई अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

एक उत्तर दें