
मौरिजा पंचायत चुनाव में वोट चोरी की अफवाह फैलाकर उपद्रव करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सामोद (जयपुर ग्रामीण):
सामोद थाना क्षेत्र के ग्राम मौरिजा में पंचायतीराज चुनाव के दौरान वोट चोरी की अफवाह फैलाकर मतदान केंद्र पर हमला, पथराव और उपद्रव करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भगतसिंह लखेरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद (आईपीएस) ने बताया कि 24 अक्टूबर को मतदान के दौरान भीड़ को उकसाने और शांति भंग करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।
मतपेटियां लूटने की नीयत से मतदान केंद्र पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की शाम मौरिजा स्थित कन्या पाठशाला के बूथ संख्या 54 पर मतदान संपन्न होने के बाद पीआरओ द्वारा सभी एजेंटों के सामने मतपेटियां सील की जा रही थीं। इसी दौरान एजेंट भगतसिंह लखेरा अपने साथ 10-20 अन्य लोगों को लेकर आया और वोट चोरी का आरोप लगाते हुए पोलिंग पार्टी से उलझने लगा। देखते ही देखते करीब 200 से 250 लोगों की उग्र भीड़ जमा हो गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि चुनावी माहौल खराब कर मतपेटियां लूटने और पुनर्मतदान कराने के उद्देश्य से भीड़ को भड़काया गया था। उग्र भीड़ ने खिड़की-दरवाजों की लोहे की जालियां तोड़ दीं और मतदान कक्ष में घुसकर सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया।
पथराव में पुलिसकर्मी घायल, हाईवे पर लगाया जाम
उपद्रवियों ने पोलिंग पार्टी और पुलिस जाप्ते पर ताबड़तोड़ पथराव कर दिया, जिससे स.उ.नि. शेरसिंह और कांस्टेबल मोहनलाल सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी का मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया गया। स्थिति बेकाबू होते देख सेक्टर मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद उपद्रवियों ने चौमूं-चंदवाजी स्टेट हाईवे (8B) पर जाम लगाकर यातायात बाधित कर दिया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया।
अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी
सामोद थाने में राजकार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से मारपीट, सरकारी संपत्ति को नुकसान और सड़क जाम करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज पाठक और वृत्ताधिकारी शिवा शर्मा के निर्देशन तथा थानाधिकारी हेमराज सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर आरोपी भगतसिंह लखेरा (20) निवासी मौरिजा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।