

नशा मुक्त भारत अभियान: गोविन्दगढ़ पुलिस ने 98 ग्राम गांजे के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
गोविन्दगढ़ (जयपुर)।
राजस्थान पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार चलाए जा रहे एक दिवसीय “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत गोविन्दगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 98 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्री हनुमान प्रसाद (आईपीएस) ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री नीरज पाठक एवं पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त गोविन्दगढ़) श्री शिवा शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी विनोद सांखला (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया आरोपी
कार्रवाई के दौरान उप निरीक्षक पवन कुमार मय जाप्ता गश्त व निगरानी करते हुए मण्डा तिराहा (मण्डा भिण्डा) पहुंचे, जहां चौकी मण्डा से कॉन्स्टेबल गौरीशंकर को बुलाकर नाकाबंदी शुरू की गई। इसी दौरान मुख्य सड़क की ओर से पैदल आ रहा एक व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने और छुपने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ा। पूछताछ के दौरान वह घबरा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 98 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू सांसी उर्फ भीमा (40 वर्ष), पुत्र बणिया उर्फ जगदीश सांसी, निवासी अनोपपुरा (थाना कालाडेरा), हाल निवासी मण्डा भिण्डा (थाना गोविन्दगढ़) के रूप में हुई है। आरोपी के पास मादक पदार्थ से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर उसके खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी विनोद सांखला, उप निरीक्षक पवन कुमार, कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार, गौरी शंकर, देशराज, संजय कुमार तथा महिला कॉन्स्टेबल प्रसन्ना शामिल रहे।