कपड़ा व्यापारियों से 2 करोड़ की ठगी करने वाली गैंग का मुख्य सरगना हनी गिरफ्तार• खुद को एजेंट बताकर फर्जी पते पर मंगवाता था माल, सस्ते दामों में बेचकर हो जाता था फरार

कपड़ा व्यापारियों से 2 करोड़ की ठगी करने वाली गैंग का मुख्य सरगना हनी गिरफ्तार
• खुद को एजेंट बताकर फर्जी पते पर मंगवाता था माल, सस्ते दामों में बेचकर हो जाता था फरार
• आरोपी से 15 लाख रुपये नकद और 6 लाख रुपये का कपड़ा बरामद, दो साथी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
जयपुर।
राजधानी की शिप्रापथ थाना पुलिस ने कपड़ा व्यापारियों को झांसे में लेकर करीब 2 करोड़ रुपये के माल का गबन करने वाली शातिर गैंग के मुख्य सरगना को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी हेमन्त धनजानी उर्फ हनी (38) को दबोचकर उसके कब्जे से 15 लाख रुपये नकद और 6 लाख रुपये का कपड़ा बरामद किया है। मामले में दो अन्य आरोपी प्रदीप गुनानी उर्फ सोनू और हेमन्त सुखलानी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। 
फर्जी पते और खाली चेक देकर बनाते थे शिकार
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। मुख्य आरोपी हेमन्त धनजानी खुद को कपड़ा व्यापारियों का एजेंट बताता था और अपने साथियों को विभिन्न फर्मों का प्रोपराइटर बताता था। व्यापारियों को जीएसटी नंबर आदि दिखाकर विश्वास में लिया जाता और बड़ी मात्रा में माल का ऑर्डर दिया जाता था। 
व्यापारियों को झांसा देने के लिए कुछ नकद राशि या बैंक खातों के चेक थमा दिए जाते थे। इसके बाद माल को ट्रांसपोर्ट के जरिए जिन पतों पर मंगवाया जाता, वे पते फर्जी निकलते थे। आरोपी माल को रास्ते में या अन्य पते पर रिसीव कर अहमदाबाद व अन्य शहरों में सस्ते दामों में बेचकर गायब हो जाते थे। जब व्यापारी भुगतान मांगते, तो टालमटोल कर संपर्क काट लेते थे। 
मानसरोवर की फर्म से ठगे थे 47 लाख, दर्ज हुआ था केस
रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ‘अमन एक्सपोर्ट्स रिटेल लिमिटेड’ के फाइनेंस मैनेजर गिरीश पाटोदिया ने 19 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने मार्च माह में खुद को मुंबई-अहमदाबाद का बड़ा थोक व्यापारी बताकर 47 लाख रुपये का कुर्ती-सूट का माल मंगवाया और भुगतान नहीं किया। जांच करने पर फर्मों के पते फर्जी मिले। पूछताछ और जांच में सामने आया कि गिरोह ने इस फर्म सहित अन्य व्यापारियों से करीब 2 करोड़ रुपये के माल की ठगी की है। 
विशेष टीम ने दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा व एसीपी हेमेंद्र शर्मा के सुपरविजन तथा शिप्रापथ थानाधिकारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व सूचना संकलन के आधार पर आरोपी हेमन्त धनजानी (निवासी दुर्गापुरा, हाल मुहाना) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है ताकि शेष माल की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का खुलासा किया जा सके। 

एक उत्तर दें