*पुलिस आयुक्तालय जयपुर*
*(जनसंपर्क प्रकोष्ठ)*
*एनडीपीएस अभियान के तहत जयपुर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई*
*एक दिन में ही 62 प्रकरण दर्ज, पुराने प्रकरणों में हुई 51 गिरफ्तारियां*
*अवैध मादक पदार्थों की तलाश में 518 ठिकानों पर दी दबिश*
*आयुक्तालय के चारों जिलों में चला अभियान*
जयपुर, 26 अक्टूबर। पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल के निर्देशन में जयपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज सोमवार को एनडीपीएस अभियान के तहत आयुक्तालय के चारों जिलों में कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों से संबंधित 62 प्रकरण दर्ज किए गए। साथ ही पूर्व में दर्ज प्रकरणों एवं चालानशुदा मामलों में 51 गिरफ्तारियां की गईं तथा मादक पदार्थों की तलाश में 518 ठिकानों पर दबिश दी गई।
पुलिस कमिश्नर श्री मित्तल ने बताया इस विशेष अभियान के तहत जयपुर पूर्व जिले में 14 प्रकरण दर्ज किए गए तथा पूर्व में दर्ज प्रकरणों एवं चालानशुदा मामलों में 14 गिरफ्तारियां की गईं। जिले में मादक पदार्थों की तलाश में सर्वाधिक 200 ठिकानों पर दबिश दी गई। उन्होंने बताया कि जयपुर पश्चिम जिले में 17 प्रकरण दर्ज कर 7 गिरफ्तारियां की गईं तथा 135 ठिकानों की जांच की गई। इसी प्रकार जयपुर उत्तर जिले में 14 प्रकरण दर्ज कर 28 गिरफ्तारियां की गईं तथा 121 ठिकानों पर दबिश दी गई। जयपुर दक्षिण जिले में 17 प्रकरण दर्ज कर 2 गिरफ्तारियां की गईं और 62 ठिकानों की जांच की गई।
श्री मित्तल ने बताया कि जयपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। मादक पदार्थों की तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही पूर्व में दर्ज प्रकरणों में वांछित आरोपियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
एनडीपीएस अभियान के तहत जयपुर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई*
0