ऑपरेशन ‘म्यूल हंटर’: जयपुर में दो शातिर साइबर ठग गिरफ्तार, 42 एटीएम कार्ड और 11 मोबाइल बरामद

ऑपरेशन ‘म्यूल हंटर’: जयपुर में दो शातिर साइबर ठग गिरफ्तार, 42 एटीएम कार्ड और 11 मोबाइल बरामद
जयपुर (देश का दर्पण)।
राजधानी जयपुर में साइबर ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए थाना नारायण विहार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन ठगी में शामिल दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 42 एटीएम कार्ड, 20 चेकबुक, 10 पासबुक और 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
किराए के फ्लैट पर दबिश देकर दबोचा
थानाधिकारी राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नारायण सागर (नारायण विहार) स्थित एक मकान के प्रथम तल पर कुछ संदिग्ध युवक ऑनलाइन गेमिंग और साइबर फ्रॉड का काम कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
* आकाश (20 वर्ष) पुत्र नरसिंह, निवासी मोहनपुरा/मोहनगढ़, थाना मदनगंज-किशनगढ़ (जिला अजमेर)।
* अमित वैष्णव (24 वर्ष) पुत्र शिवकुमार वैष्णव, निवासी सलेमाबाद (निम्बार्क तीर्थ), थाना रूपनगढ़ (जिला अजमेर)।
   (दोनों वर्तमान में प्लॉट नं. ए-1, नारायण सागर, नारायण विहार, जयपुर में रह रहे थे।)
20 लाख की ठगी, 7 साइबर शिकायतें दर्ज
जांच में सामने आया कि आरोपियों के पास मिले बैंक खातों से संबंधित ‘समन्वय पोर्टल’ पर पहले से 7 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। ये शिकायतें टेलीग्राम टास्क पूरा कराने, लोन दिलाने का झांसा देने और फर्जी लिंक के जरिए ठगी से जुड़ी हुई हैं। आरोपियों के खातों में अब तक करीब 20 लाख रुपये की ठगी की रकम आने की पुष्टि हुई है।
ऐसे करते थे ठगी (तरीका-ए-वारदात)
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत काम करते थे। वे अन्य साइबर अपराधियों को ठगी की रकम ट्रांसफर करवाने के लिए ‘म्यूल बैंक खाते’ उपलब्ध कराते थे। जैसे ही ठगी का पैसा इन खातों में आता, आरोपी अपना तय कमीशन काटकर शेष राशि अन्य खातों में ट्रांसफर कर देते या एटीएम से नकद निकालकर मुख्य ठगों तक पहुंचा देते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4), 112(2) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हो सकता है।

एक उत्तर दें