
आस प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट ने जिलावासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
11 दिसंबर को हनुमान वाटिका में होगा तीसरा सामूहिक विवाह समारोह : जोगेंद्र कोटड़ा
पौधारोपण, बेटियों की शिक्षा, रक्तदान, स्वास्थ्य जांच शिविर और स्वच्छता अभियान के माध्यम से समाजसेवा में जुटी संस्था
संस्था के प्रधान जोगेंद्र कोटड़ा ने की सहयोग की अपील
कैथल (कृष्ण प्रजापति): आस प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट की टीम की ओर से दीपावली के पावन पर्व पर समस्त जिलावासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान टीम के सदस्यों, सहयोगी व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। ट्रस्ट के प्रधान जोगिंद्र सिंह कोटड़ा ने सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए कहा कि दीपावली खुशियों, उमंग, आपसी भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कामना करते हुए कहा कि मां लक्ष्मी की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, धन-धान्य और समृद्धि का वास हो।
इस अवसर पर प्रधान जोगिंद्र सिंह कोटड़ा ने संस्था की आगामी सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि आस प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से आगामी 11 दिसंबर 2026 को तीसरे सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम कैथल की हनुमान वाटिका में आयोजित होगा। इससे पहले संस्था की ओर से पहला सामूहिक विवाह समारोह गांव कठवाड़ में तथा दूसरा सामूहिक विवाह समारोह कैथल की हनुमान वाटिका में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। अब तीसरे सामूहिक विवाह समारोह को भी सामाजिक सहयोग से भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और उन्हें सम्मानपूर्वक नई जिंदगी की शुरुआत करवाना है। सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने जिले के दानी सज्जनों, समाजसेवियों, व्यापारिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आमजन से अपील की कि वे 11 दिसंबर को होने वाले इस पुनीत आयोजन में अधिक से अधिक सहयोग करें, ताकि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के चेहरे पर खुशियां लाई जा सकें।
जोगिंद्र सिंह कोटड़ा ने बताया कि आस प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट केवल सामूहिक विवाह तक ही सीमित नहीं है, बल्कि संस्था समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के कार्य भी करती रहती है। इनमें पौधारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना, बेटियों को आगे बढ़ाने और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना, रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना, स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करना तथा स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करना प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी समाजहित के कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।
इस अवसर पर ट्रस्ट की टीम के मीडिया प्रभारी राकेश कौशिक, सत्यवान जांगड़ा, सूरजभान वर्मा (हिंदू सेवा गौरक्षा राष्ट्रीय संगठन मंत्री), सोहन लाल जाखौली, अनिल ढुल, बिट्टू सांगन, रितिका जांगड़ा, जॉनी सीवन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्रधान जोगिंद्र सिंह कोटड़ा ने सभी जिलावासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक सहयोग से 11 दिसंबर का तीसरा सामूहिक विवाह समारोह सफल होगा और अनेक परिवारों के जीवन में खुशियों की नई शुरुआत होगी।