


महिला को धमकाकर 5 साल से चौथवसूली करने वाला फर्जी यूट्यूबर दिल्ली से गिरफ्तार
* यूट्यूब पर वीडियो चलाने व जेल भिजवाने का डर दिखाकर ऑनलाइन लेता था अवैध रकम
* प्रतापनगर थाना पुलिस की टीम ने दिल्ली के सुल्तानपुर इलाके से दबोचा
जयपुर (देश का दर्पण ब्यूरो)।
राजधानी जयपुर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने महिला को पुलिस कार्रवाई का भय दिखाकर लगातार अवैध वसूली करने वाले एक तथाकथित यूट्यूबर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले पांच सालों से महिला और उसके परिजनों को यूट्यूब पर खबर चलाने व जेल भिजवाने की धमकी देकर फोन-पे के जरिए हर महीने अवैध रकम ऐंठ रहा था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजीता शर्मा (IPS) ने बताया कि 21 अगस्त 2026 को पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह देशी शराब के ठेके से संबंधित कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। राहुल सक्सेना नामक व्यक्ति ने खुद को यूट्यूबर बताकर 2000 रुपये प्रतिमाह देने की मांग की और रुपये न देने पर वीडियो चैनल पर प्रसारित करने, पुलिस में शिकायत करने व बर्बाद करने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर पीड़िता और उसके परिवार ने ऑनलाइन माध्यम (PhonePe) से कई बार 500 से 2000 रुपये ट्रांसफर किए।
पुराना वीडियो बनाकर कर रहा था ब्लैकमेल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2020-21 में प्रतापनगर में किराए पर रहता था। उस दौरान उसने कथित रूप से महिला का वीडियो बना लिया था और पुलिस में सूचना देकर जेल भिजवाने का भय दिखाकर 1500 रुपये प्रतिमाह वसूलने लगा। वर्ष 2021 के बाद आरोपी दिल्ली जाकर रहने लगा, लेकिन वहां से भी वह महिला व उसके बेटे को फोन कर लगातार अवैध वसूली कर रहा था।
दिल्ली में दबिश देकर पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी पारस जैन के मार्गदर्शन व एसीपी सांगानेर दीपक खंडेलवाल के निर्देशन में प्रतापनगर थानाधिकारी विक्रांत शर्मा (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी पड़ताल के बाद आरोपी राहुल सक्सेना (42) पुत्र विजय सक्सेना, निवासी कोतवाली (भरतपुर) हाल किराएदार सुल्तानपुर कॉलोनी, फतेहपुर बेरी (दक्षिण नई दिल्ली) को दिल्ली से धर दबोचा। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में एएसआई बलदेव कुमार, एएसआई बलवीर सिंह, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह एवं कांस्टेबल दिलीप कुमार शामिल रहे। आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।