जयपुर: 2 साल से फरार 5,000 का इनामी शातिर वाहन चोर अम्बेडकर उर्फ मोडा गिरफ्तार, दर्ज हैं 20 से अधिक मामले

जयपुर: 2 साल से फरार 5,000 का इनामी शातिर वाहन चोर अम्बेडकर उर्फ मोडा गिरफ्तार, दर्ज हैं 20 से अधिक मामले
जयपुर।
जयपुर कमिश्नरेट के मानसरोवर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी वाहन चोर अम्बेडकर उर्फ मोडा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी अपनी पहचान छुपाकर परिवार सहित जयपुर में फरारी काट रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों के थानों में 20 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
क्या था पूरा मामला?
मानसरोवर थाना क्षेत्र में 18 अप्रैल 2025 को भारत माता सर्किल से एक टाटा एस गाड़ी (RJ-14-GK-6741) चोरी होने का मुकदमा (संख्या 308/2025, धारा 303(2) बीएनएस) दर्ज हुआ था। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने एक आरोपी अमरचन्द उर्फ अंकित को पहले ही दस्तयाब कर चोरी हुआ वाहन बरामद कर लिया था। हालांकि, मुख्य आरोपी अम्बेडकर उर्फ मोडा वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹5,000 का नकद इनाम भी घोषित किया था।
दीपावली पर मिली गुप्त सूचना, साइबर सेल की मदद से दबोचा
पुलिस मुख्यालय द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसीपी मानसरोवर हेमेन्द्र शर्मा के निर्देशन व थानाधिकारी सतीश चन्द के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
दीपावली पर्व के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मूलतः मध्य प्रदेश के मुरैना जिले का रहने वाला आरोपी अम्बेडकर उर्फ मोडा जयपुर के मानसरोवर स्थित सुमेर नगर में परिवार सहित पहचान छुपाकर रह रहा है। इसके बाद साइबर सेल व तकनीकी टीम की मदद से घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया गया। इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल लालसिंह (10086) की विशेष व अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
* नाम व पता: अम्बेडकर उर्फ मोडा पुत्र रमेश जाटव (उम्र 29 वर्ष), निवासी गांव गोपरा, थाना जौरा, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश)।
* हाल पता: मकान नंबर 62, सुमेर नगर, मानसरोवर, जयपुर।
आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर वाहन चोर है। इसके खिलाफ टोडाभीम, श्यामनगर, सिकंदरा, आंधी, शाहपुरा, चंदवाजी, थानागाजी, कानोता, सैंथल, रूपवास और अजमेर सहित कई थानों में चोरी और नकबजनी के करीब 20 मामले दर्ज हैं, जिनमें अधिकतर में चार्जशीट पेश हो चुकी है। पुलिस फिलहाल आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

एक उत्तर दें