

भांकरोटा में युवक का अपहरण करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, चंद घंटों में पुलिस ने थार समेत दबोचा
जयपुर पुलिस ने रिंग रोड के पास माधव फार्म हाउस से अपहृत शत्रुघन सैनी को कराया सकुशल मुक्त
पुरानी रंजिश के चलते मारपीट कर जबरन थार में डालकर ले गए थे आरोपी
जयपुर।
जयपुर कमिश्नरेट के भांकरोटा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक के अपहरण की वारदात का चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल दस्तयाब कर वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही अपहरण में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण (आईपीएस) ने बताया कि 10 नवंबर को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि चिमनपुरा रिंग रोड (भांकरोटा) में 7-8 लोग थार गाड़ी (RJ 60 CG 1477) से एक मकान में घुसे और वहां रह रहे लोगों के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी वहां से 21 वर्षीय युवक शत्रुघन सैनी पुत्र रामकरण सैनी (निवासी कारी, नवलगढ़, झुंझुनू) का जबरन अपहरण कर गाड़ी में डालकर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता के सुपरविजन, एसीपी (बगरू) धर्मेंद्र कुमार शर्मा और भांकरोटा थानाधिकारी दीपक त्यागी के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से आरोपियों का पीछा किया और रिंग रोड स्थित माधव फार्म हाउस के पास घेराबंदी कर अपहृत शत्रुघन सैनी को सुरक्षित छुड़ा लिया।
पूछताछ में पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश और बदले की भावना से उसके साथ मारपीट कर अपहरण किया था। पुलिस ने भांकरोटा थाने में बीएनएस 2023 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
https://youtube.com/shorts/T6UU15Ex2BA?si=q5Y-RTj9C45ZBfuR
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
1. ओमेन्द्र सिंह शेखावत (38) पुत्र मानसिंह, निवासी 20/58 कावेरी पथ, एमएलए क्वार्टर, मानसरोवर, जयपुर
2. अशोक सिंह शेखावत (35) पुत्र हिम्मत सिंह, निवासी गांव टाटणवा, थाना धोद, जिला सीकर
3. ओमवीर सिंह शेखावत (38) पुत्र धूड़सिंह, निवासी गांव राजनौता, थाना प्रागपुरा, जिला कोटपूतली-बहरोड़
वारदात का पर्दाफाश करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शेर सिंह सहित कांस्टेबल बाबू लाल, राजेन्द्र, किशनपुरी, राकेश कुमार, प्रमोद कुमार और जगन्नाथ शामिल रहे। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।https://youtube.com/shorts/T6UU15Ex2BA?si=q5Y-RTj9C45ZBfuR