जयपुर में 7 साल पुरानी रंजिश का खूनी बदला! विजय बाजिया की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या, 7007 गैंग के 4 आरोपी गिरफ्तार
जयपुर।** राजधानी जयपुर में सात साल पुरानी आपसी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करधनी थाना क्षेत्र के रावण गेट के पास जेडीए नगर में विजय बाजिया उर्फ विजय चौधरी की कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए, लेकिन जयपुर पश्चिम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण आईपीएस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को करधनी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रावण गेट के पास जेडीए नगर में कुछ अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया है। घायल को रक्षा अस्पताल करधनी ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय कांवटिया अस्पताल, शास्त्री नगर की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक की पहचान विजय बाजिया के रूप में हुई।
सात साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे सात साल पुरानी आपसी रंजिश सामने आई है। बताया गया कि मृतक विजय बाजिया और उसके साथियों द्वारा करीब सात साल पहले आरोपी अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या की गई थी। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के इरादे से 7007 नाम से गैंग बनाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
कैंपर गाड़ी से पीछा कर रास्ता रोका, फिर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने पहले मृतक को कई बार धमकियां दी थीं। वारदात के दिन आरोपियों ने कैंपर गाड़ी से मृतक की गाड़ी का पीछा किया और टक्कर मारकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद धारदार कुल्हाड़ियों से शरीर पर कई वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
12 घंटे में पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी प्रशांत किरण ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता एवं अदिति उपाध्याय आईपीएस के निर्देशन तथा एसीपी शिवकुमार भारद्वाज के सुपरविजन में करधनी थाना अधिकारी सवाई सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. अनीश गोल्या उर्फ जग्गू ग्राम तिबाड़िया,जोबनेर।
2. कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू ग्राम तिबाड़िया जोबनेर।
3. युवराज चौधरी निवासी तिबाड़िया जोबनेर
4. दिनेश चौधरी उर्फ दीनू निवासी हिंगोनिया, जयपुर ग्रामीण।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में करधनी थाना पुलिस, जिला विशेष टीम और साइबर सेल सहित जयपुर पश्चिम पुलिस की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
**देश का दर्पण न्यूज़ | जयपुर**
मुख्य खबर: सात साल पुरानी रंजिश में हत्या, पुलिस ने 12 घंटे में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
नोट: यह खबर जयपुर पश्चिम पुलिस की 12 नवंबर 2026 की प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर तैयार की गई है।


