गोविंदगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गूगल पर सोलर प्लांट सर्च कर चोरी करने वाले दो शातिर नकबजन व कबाड़ी गिरफ्तार, 50 किलो कॉपर बरामद

गोविंदगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गूगल पर सोलर प्लांट सर्च कर चोरी करने वाले दो शातिर नकबजन व कबाड़ी गिरफ्तार, 50 किलो कॉपर बरामद
मण्डा फैक्ट्री चोरी मामला: 50-60 वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरजिला गिरोह के दो सदस्य और कबाड़ी पुलिस के हत्थे चढ़े
जयपुर (ग्रामीण) / गोविंदगढ़। गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने मण्डा-भीण्डा रिको स्थित फैक्ट्री में हुई बड़ी नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 50 किलोग्राम चोरी का कॉपर (तांबा) बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने राज्य के विभिन्न जिलों में करीब 50 से 60 चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। 
गूगल पर सर्च कर बनाते थे सोलर प्लांट्स को निशाना
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद (आईपीएस) ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ट्रांसफार्मर और सोलर प्लांट से प्लेट व कॉपर वायर चोरी करने के शातिर अपराधी हैं। इनका तरीका बेहद हाईटेक था—ये दिन में गूगल मैप पर बड़े सोलर प्लांट्स सर्च करते थे और रात के अंधेरे में वहां धावा बोलकर कीमती कॉपर वायर व उपकरण चुरा ले जाते थे। 
यह था पूरा मामला
परिवादी अमन कुमार रावत (मैनेजर, वर्धमान कोर फैक्ट्री, मण्डा रिको) ने 22 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 21 मई की रात अज्ञात चोर फैक्ट्री से करीब 1200 किलोग्राम कॉपर चुरा ले गए। इस मामले में पुलिस पूर्व में राजेश बावरिया, ओमप्रकाश उर्फ लाल बावरिया और कबाड़ी हसन उर्फ महमूद को गिरफ्तार कर 125 किलो कॉपर व वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार जब्त कर चुकी है। 
तकनीकी सहायता से पकड़े गए शेष आरोपी
मामले में फरार चल रहे शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) नीरज पाठक व वृत्ताधिकारी गोविंदगढ़ शिवा शर्मा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी विनोद सांखला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता से जयपुर में दबिश देकर मुख्य आरोपी कानू उर्फ कानाराम उर्फ तोल्या (22) निवासी निवाई (टोंक) और राजेन्द्र उर्फ शंकर बावरिया (19) निवासी हरिपुरा, नरेना (जयपुर) को गिरफ्तार किया। 
चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का कॉपर चौमूं निवासी कबाड़ी असलम (21) को बेचना स्वीकार किया। इस पर पुलिस ने जोगियों का मोहल्ला, चौमूं से कबाड़ी असलम को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 किलोग्राम कॉपर बरामद किया। 
इन प्रमुख स्थानों पर कबूली सोलर प्लांट चोरी की वारदातें
आरोपियों ने पूछताछ में चौमूं (रींगस रोड स्थित दो प्लांट), सामोद, जोबनेर, कालवाड़, कालाडेरा (घिनोई-बिहारीपुरा), रेनवाल-दांतारामगढ़ रोड, निवाई (टोंक), जीणमाता डूंगर, पलसाना, नावां और लक्ष्मणगढ़/बलारा (सीकर) सहित कुल 13 स्थानों पर सोलर प्लांट्स से चोरी करना कबूल किया है। 
कार्रवाई करने वाली टीम:
इस सफल कार्रवाई में गोविंदगढ़ थानाधिकारी विनोद सांखला, सउनि सोहन सिंह, कांस्टेबल भारतभूषण, देशराज, गौरीशंकर और राकेश कुमार की मुख्य भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

एक उत्तर दें