



फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पेट्रोल भरवाकर भागने वाले दो शातिर गिरफ्तार: घूमने और मौज-मस्ती के लिए शहर के 20 से अधिक पेट्रोल पंपों पर की थी ठगी
जयपुर:
राजधानी जयपुर में गाड़ियों की टंकी फुल करवाकर बिना भुगतान किए फरार होने वाले गिरोह के खिलाफ जयपुर पश्चिम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री प्रशान्त किरण के निर्देशन में गठित विशेष टीम और थाना बिन्दायका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मौज-मस्ती और घूमने-फिरने के शौक में जयपुर शहर के अलग-अलग इलाकों में 20 से अधिक पेट्रोल पंपों पर ऐसी वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, परिवादी राहुल शर्मा एवं बजरंग लाल जाट की रिपोर्ट पर बिन्दायका थाने में मामला दर्ज किया गया था।
पहली घटना: 23 अक्टूबर को सुबह करीब 5:11 बजे स्विफ्ट कार में फर्जी नंबर प्लेट (RJ14CK5455) लगाकर टंकी फुल करवाई और ₹4,403 का पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार हो गए।
दूसरी घटना: 28 अक्टूबर को सुबह करीब 8:25 बजे सिरसी रोड स्थित मामा फिलिंग स्टेशन पर वैगनआर कार में उसी फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर ₹4,070.36 का पेट्रोल डलवाया और गाड़ी लेकर भाग निकले।
जांच में सामने आया कि आरोपी रात के समय घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों की नंबर प्लेट चुरा लेते थे। इसके बाद चुराई गई नंबर प्लेट को अपनी गाड़ियों पर लगाकर मानसरोवर, सोडाला, रोड नंबर 14 (सीकर रोड), निवारू, करधनी, बिन्दायका, वैशाली नगर, करणी विहार और हरमाड़ा जैसे इलाकों के पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाते और बिना पैसे दिए रफूचक्कर हो जाते थे।
सीकर के लक्ष्मणगढ़ से दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राजेश गुप्ता के सुपरविजन तथा एसीपी श्री धर्मेन्द्र कुमार के निर्देशन में बिन्दायका थानाधिकारी श्री अनिल जैमिनी (RPS) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने जयपुर और सीकर जिले के होटलों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार (2174) की सूचना के आधार पर टीम ने सीकर जिले के अलखपुरा गोदरान (थाना लक्ष्मणगढ़) में दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दोनों युवकों को घेराबंदी कर धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
अंकित वर्मा (19 वर्ष): पुत्र बनवारी लाल, निवासी बालाजी धाम, कनकपुरा रेलवे स्टेशन के पास, थाना करधनी, जयपुर।
विशाल महरड़ा (28 वर्ष): पुत्र भंवरलाल, निवासी गणपति नगर, रेलवे कॉलोनी, रेलवे जंक्शन के पास, थाना सदर, जयपुर।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा शहर में हुई अन्य वारदातों और चोरी की घटनाओं के संबंध में विस्तृत अनुसंधान जारी है।