अजमेर पुलिस की अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध 28वीं कार्रवाई, पांच सदस्यीय परिवार दस्तयाब

अजमेर पुलिस की अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध 28वीं कार्रवाई, पांच सदस्यीय परिवार दस्तयाब,
दरगाह क्षेत्र से बांग्लादेशी मूल के दंपती और उनके तीन बच्चों को लिया हिरासत में; जिले में अब तक 66 बांग्लादेशी नागरिकों को किया जा चुका है दस्तयाब,
पुलिस और सीआईडी जोन की संयुक्त टीम ने आसूचना संकलन एवं तकनीकी साधनों से की पहचान,
प्रारंभिक पूछताछ में वर्ष 2007 में पश्चिम बंगाल के हिली बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की बात सामने आई,
परिवार वर्ष 2009-10 से अजमेर दरगाह क्षेत्र में रह रहा था

जयपुर 13 नवंबर। अजमेर जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान एवं निष्कासन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 28वीं कार्रवाई करते हुए पांच सदस्यीय एक परिवार को दस्तयाब किया है। इनमें बांग्लादेशी मूल के 63 वर्षीय माजिद अली, उसकी 55 वर्षीय पत्नी फरजान खान तथा उनके दो पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं। इस कार्रवाई के साथ अजमेर जिले में अब तक दस्तयाब किए गए बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या 66 हो गई है।

पुलिस  महानिदेशक  राजीव कुमार शर्मा एवं महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज डॉ. रवि के निर्देशानुसार अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी नागरिकों एवं अन्य घुसपैठियों की पहचान कर उनके निष्कासन के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड़ के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के नेतृत्व में सीआईडी जोन अजमेर के साथ विशेष टीम गठित की गई है।

दरगाह क्षेत्र में तलाश के दौरान परिवार की पहचान—

अभियान के तहत गठित टीम ने मुखबिरों से आसूचना संकलन, तकनीकी साधनों और विभिन्न जानकारियों के आधार पर दरगाह क्षेत्र के संभावित ठिकानों पर सघन तलाश की। टीम ने दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क, तारागढ़ की पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर तारागढ़, त्रिपोलिया गेट, सोहले खम्भा, झालरा और लाखन कोटड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में जांच की।

इस दौरान एक परिवार को दस्तयाब किया गया। पूछताछ में परिवार के मुखिया ने अपना नाम माजिद अली पुत्र उनाब अली उम्र 63 वर्ष मूल निवासी जोहरी मोहल्ला मोहम्मदपु जिला ढाका बांग्लादेश बताया। उसके साथ पत्नी फरजान खान उम्र 55 वर्ष तथा उनके तीन बच्चे भी मिले।

पूछताछ में 2007 में अवैध रूप से भारत आने की बात बताई—

प्रारंभिक पूछताछ में माजिद अली ने बताया कि वर्ष 2006 में उसका निकाह बांग्लादेश निवासी फरजान खान से हुआ था। वर्ष 2007 में वह अपनी पत्नी के साथ पश्चिम बंगाल के हिली बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ। इसके बाद दोनों ट्रेन से दिल्ली पहुंचे और करीब दो वर्ष तक वहां खानाबदोश के रूप में जीवनयापन किया। वर्ष 2009-10 में वे अजमेर दरगाह शरीफ क्षेत्र में आए और यहीं रहने लगे।

माजिद अली ने बताया कि उसके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। शुक्रवार 13 नवंबर को दरगाह थाना पुलिस एवं सीआईडी जोन अजमेर की टीम ने परिवार को दस्तयाब कर पुलिस थाना दरगाह लाकर पूछताछ की। माजिद अली ने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की है। परिवार के सदस्यों की पहचान और अन्य तथ्यों के संबंध में गहन पूछताछ जारी है।

संयुक्त टीम की रही भूमिका—

इस कार्रवाई में टीम प्रभारी वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा, सह प्रभारी एवं दरगाह थानाधिकारी दिनेश जीवनानी, सीआईडी जोन अजमेर के निरीक्षक नरेन्द्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल सुमेर कुमार, डीएसबी अजमेर की हेड कांस्टेबल विमला देवी तथा कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह की भूमिका रही। कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम एवं सुमेर सिंह का विशेष योगदान रहा।

———-

एक उत्तर दें