
जयपुर, 12 नवंबर। बनीपार्क थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज और नकली आधार कार्ड तैयार कर जमीन बेचने के नाम पर 69.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुख्य खबर:
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि विद्याधर नगर निवासी माधोसिंह कविया ने 16 जुलाई 2026 को इस्तगासे के जरिए मामला दर्ज कराया था। परिवादी के अनुसार, आरोपियों ने फुलेरा स्थित 3.4394 हेक्टेयर खातेदारी भूमि (खसरा नंबर 199/1037 व 1099/1036) का सौदा 81.69 लाख रुपये में तय कर फर्जी इकरारनामा किया और अलग-अलग किस्तों में 69.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। लंबे समय तक रजिस्ट्री नहीं कराने पर जब परिवादी ने जांच की, तो पता चला कि जमीन के असली मालिक के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनाकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई है।
वारदात का तरीका:
जांच में सामने आया कि सांभर निवासी आरोपी महिला रिंकू देवी (30) ने जमीन की वास्तविक खातेदार झोटवाड़ा निवासी श्रीमती नर्बदा देवी की पुत्रवधू बनकर फर्जी आधार कार्ड तैयार किया और स्वयं को जमीन का मालिक बताया। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा और परिवादी को झांसे में लेकर लाखों रुपये हड़प लिए।
गिरफ्तार आरोपी और पुलिस टीम:
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता और एसीपी सदर दरजाराम बोस के सुपरविजन में बनीपार्क थानाधिकारी सुरेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला रिंकू देवी (निवासी सांभर), रामस्वरूप वर्मा (55, निवासी खालडा, रेनवाल), पप्पू राम वर्मा (38, निवासी मोरूदा, नरैना) और अरविन्द सिंह (35, निवासी फुलेरा) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।