
जयपुर में 50 से ज्यादा वारदातों को अंजाम देने वाला शातिर पर्स स्नैचर गिरफ्तार, चोरी का माल खरीदने वाला साथी भी धराया
जयपुर। जयपुर पश्चिम की मुरलीपुरा थाना पुलिस ने रास्ते चलती महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स स्नैचिंग करने वाले एक शातिर बदमाश और उससे चोरी का माल खरीदने वाले सह-आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं और उसने जयपुर कमिश्नरेट के अलग-अलग इलाकों में 50 से अधिक वारदातें करना कबूल किया है।
क्या था पूरा मामला?
डीसीपी (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 9 नवंबर 2026 को परिवादिया श्रीमती सोनू शर्मा मुरलीपुरा के पथ नंबर 7 स्थित एक ब्यूटी पार्लर से बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार होकर आए एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से भूरे रंग का लेडीज पर्स छीन लिया और फरार हो गया। पर्स में 25 हजार रुपये नकद, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, एक मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज रखे थे।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी राजेश कुमार गुप्ता और एसीपी (झोटवाड़ा) शिव कुमार भारद्वाज के सुपरविजन तथा मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और हुलिए के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी शरीफ उर्फ सोनू उर्फ जट्ठल (28) निवासी मनोहरपुर (हाल निवासी खोरा बीसल) को धर दबोचा। पूछताछ के बाद पुलिस ने स्नैचिंग का माल खरीदने वाले उसके साथी दिलीप कुमार (28) मूल निवासी अरवल, बिहार (हाल निवासी कृष्णा नगर बी, खोरा बीसल) को भी गिरफ्तार कर लिया।
नशे की लत पूरी करने के लिए करता था वारदात
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी शरीफ नशे का आदी है। अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए वह बाइक पर घूमकर अकेली पैदल चलती महिलाओं को निशाना बनाता था और पर्स छीनकर फरार हो जाता था। इसके बाद वह लूटे गए गहनों और मोबाइल को अपने साथी दिलीप को बेच देता था।
बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, 6 मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त लाल रंग की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी शरीफ एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ मुरलीपुरा, भट्टाबस्ती, विद्याधर नगर, चौमू, शास्त्री नगर, हरमाड़ा, झोटवाड़ा, आदर्श नगर, करधनी, गलता गेट और खोनागोरियान थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के 17 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।
(नोट: इस कार्रवाई में कांस्टेबल रोहिताश और बलराम की मुख्य भूमिका रही।)