
मुख्यमंत्री होटल से बाहर निकलें, मंत्री एवं विधायकों को भी खुला छोड़ें, जिससे प्रदेश की जनता के काम हो सकें: डॉ. सतीश पूनियां
राजस्थान की जनता की इम्युनिटी क्षमता अच्छी है, लेकिन कांग्रेस की इम्युनिटी क्षमता कमजोर लगती है: डॉ. पूनियां
देशकादपॅणन्यूज; जयपुर, 23 जुलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने पर जवाब दिया। डॉ. पूनियां ने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुये कहा कि, कोरोना संकटकाल में राजस्थान की जनता की इम्युनिटी क्षमता अच्छी है, इसलिए कोरोना से तो प्रदेश की जनता बच जाएगी, लेकिन कांग्रेस की इम्युनिटी पावर कमजोर लगती है।
राज्य सरकार पर राजनीतिक संकट को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में डॉ. पूनियां ने कहा है कि सरकार को जनता का ख्याल नहीं है, लेकिन प्रदेश की जनता की इम्युनिटी पावर अच्छी है, ऐसे में कोरोना की मार से जनता तो बच जाएगी, लेकिन कांग्रेस की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम लगती है। डॉ. पूनियां ने मुख्यमंत्री द्वारा पीएम को लिखे पत्र पर कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी नैतिक तौर पर हार मान ली है। साथ ही केरल में विश्व की पहली कम्यूनिस्ट सरकार को कांग्रेस द्वारा अपदस्त करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी पार्टी को टूटने से नहीं बचा पा रही और बहुमत की स्थिति में नहीं दिख रही, ऐसे में बार-बार लोकतंत्र का अपमान करने वाली कांग्रेस को लोकतंत्र याद आ रहा है।
एक अन्य सवाल के जवाब में डॉ. पूनियां ने कहा कि राज्य में फसलों पर टिड्डियों का हमला, कोरोना का संकट, रोजगार पर बात करने और इन मुद्दों पर काम करने के बजाए मुख्यमंत्री अपनी सरकार को लेकर एक होटल में बैठे हैं, जनता पूछ रही है कि राज्य में सरकार कहां पर है? ऐसे में मुख्यमंत्री को चाहिए कि खुद भी होटल से बाहर निकलें और मंत्रियों व विधायकों को भी खुला छोड़ें, जिससे वो अपने क्षेत्र में जाएं, जहां पर प्रदेश की आम जनता इस संकटकाल में उनको ढूंढ रही है, जिससे उनके काम हो सकें।
सवाल के जवाब में डॉ. पूनियां ने कहा कि कार्यपालिका, विधायिका और न्यायापालिका भारत के संविधान की खूबसूरती है और उनके अपने अपने कार्य और महत्व हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के लिए कहा कि उन्होंने नैतिकता की दुहाई देते हुए जो पत्र प्रधानमंत्री जी को लिखा है, मैं उनको याद दिलाना चाहता हूं कि कांग्रेस द्वारा 1957 से 1990 के अंतिम तक कई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया गया, इसलिए मुख्मयंत्री को याद रखना चाहिए कि कांग्रेस सरकारों द्वारा संविधान की जितनी धज्जियां उड़ाई हैं, फिर किस नैतिकता की बात करते हैं। सरकार एक बाड़े में बंद है और प्रदेश की आम जनता विपदा से गुजर रही है, फसलों पर टिड्डियों के हमले से किसान परेशान हैं, सभी मुद्दों पर विफल हो चुकी एवं अपनी असफलताओं को छुपाने के लिये राज्य की सरकार ने आरोप लगाने के लिये भाजपा को एक कंफर्ट एजेंसी मान लिया है।
उन्होंने कहा कि, भीलवाड़ा मॉडल की झूठी वाहवाही लूटकर मुख्यमंत्री खुद की पीठ थपथपाते हैं, किंतु इसका सबसे बड़ा कारण वहां कि जनता, वहां के स्वास्थ्यकर्मी, सफाईकर्मी और उन लोगों का योगदान था, जो संयम से रहे और कानून व दिशा निर्देशों की पालना की। जोधपुर मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र है, किंतु कबूतरों का चौक, कोटा का मकबरा मॉडल और जयपुर में रामगंज मॉडल को मुख्यमंत्री कभी स्वीकार नहीं करते हैं, जबकि इन मॉडल्स की विफलता को भी उन्हें स्वीकार करना चाहिए।